कनखल में महिला से चेन झपटने वाला शातिर स्नैचर दबोचा

तमंचा-कारतूस और छीनी गई सोने की चेन बरामद
स्कूटी गिरने से तीन वर्षीय बच्ची भी हुई थी घायल


हरिद्वार।
कनखल पुलिस ने आईटीआई जगजीतपुर के पास महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी पूर्व में भी चेन स्नैचिंग के मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ कनखल, रानीपुर व ज्वालापुर कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं।


पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर को गणपतिधाम फेस-3, जमालपुर निवासी महिला स्कूटी से घर लौट रही थीं। आईटीआई जगजीतपुर के पास बाइक सवार आरोपी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। महिला के स्कूटी नहीं रोकने पर आरोपी ने स्कूटी में लात मार दी, जिससे महिला और उनकी तीन वर्षीय बच्ची सड़क पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। हादसे में बच्ची के सिर में चोट आई थी।


महिला की तहरीर पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।


मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जमालपुर-जियापोता रोड पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा, कारतूस और महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद हुई।


आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार (27) पुत्र बीरबल, निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना मंडावर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 में भी कनखल और रानीपुर क्षेत्र में चेन स्नैचिंग के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कनखल, रानीपुर और ज्वालापुर में कई मुकदमे दर्ज हैं।


पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र पाल, कांस्टेबल दिगपाल और कांस्टेबल बीरेंद्र की विशेष भूमिका रही। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *