हरिद्वार। पिरान कलियर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मारपीट का मामला सामने आया है। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत साबिर साहब परिसर के पास एक लंगर संचालक द्वारा एक युवक की जलती लकड़ी से बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, दरगाह क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं और यहां लंगर की व्यवस्था भी बड़े पैमाने पर चलती है। इसी बीच लंगर क्षेत्र में एक दुकानदार और युवक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार ने जलती हुई लकड़ी उठाकर युवक पर हमला कर दिया और उसे सरेआम पीटने लगा।
वायरल वीडियो में आरोपी युवक को लगातार पीटता हुआ नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोग शोर मचाते हुए यह कहते सुनाई देते हैं कि युवक मोबाइल चोरी करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद आरोपी लंगर संचालक मौके से फरार हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और भीड़ द्वारा खुद न्याय करने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


