हरिद्वार। गुरुवार को हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला डॉक्टर गंभीर सदमे में हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी 25 वर्षीय डॉ. ऋतुराज, जो रुड़की स्थित मदरहुड यूनिवर्सिटी से बीएमएएस की पढ़ाई कर रहे थे और बहादराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में छह महीने की इंटर्नशिप के तहत तैनात थे, गुरुवार सुबह स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। उनके साथ महिला डॉक्टर डॉ. दिव्या भी मौजूद थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे दिल्ली नंबर के एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉ. ऋतुराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डॉ. दिव्या हादसे के बाद गहरे सदमे में चली गईं।
सीएचसी बहादराबाद की प्रभारी डॉ. आरती सिंह ने बताया कि डॉ. ऋतुराज प्रशिक्षण के तहत अस्पताल में कार्यरत थे और अपनी ड्यूटी पर नियमित रूप से आ रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल स्टाफ में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। बहादराबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके।
घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।


