नदी बैरियर पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, पीछा कर UP पुलिस की मदद से रोका गया वाहन, खेतों में भाग निकला ड्राइवर
विनोद धीमान
हरिद्वार। उप वन संरक्षक हरिद्वार एवं उप प्रभागीय वन अधिकारी रुड़की के निर्देशों के क्रम में वन विभाग की टीम ने अवैध कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर की अवैध लकड़ी से भरी एक डीसीएम को पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 12:30 बजे मुखबिर खास की सूचना पर काली नदी बैरियर पर चेकिंग के दौरान टीम ने रजिस्ट्रेशन संख्या UK08CB3164 की डीसीएम को रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाकर गागालेड़ी की ओर ले गया
वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और यूपी पुलिस के सहयोग से गागालेड़ी के आगे डीसीएम को रोक लिया। हालांकि, चालक वाहन छोड़कर पास के खेतों में भागने में सफल रहा।
वन विभाग ने मौके से अवैध खैर प्रकाष्ठ से भरी डीसीएम को कब्जे में लेकर क्रेन की सहायता से रुड़की रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
गस्ती दल में वन क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप वन क्षेत्र अधिकारी सुभाष चंद, वन दरोगा पवन कुमार, वन बीट अधिकारी योगेश कुमार सहित सुबोध, प्रदीप, हरीश, अश्वनी और अजय शामिल रहे।
वन क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि “मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। टीम द्वारा तत्परता से पीछा कर वाहन को पकड़ा गया। अवैध खैर लकड़ी को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।”


