विनोद धीमान
हरिद्वार। बीते दिन वन विभाग की हरिद्वार रेंज स्थित बिशनपुर कुंडी गांव के पास एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण अपने खेत से लौट रहा था, उसी दौरान उसके सामने विशालकाय हाथी आ धमका और अचानक हाथी ने ग्रामीण को उठाकर पटक दिया। हादसे में बुजुर्ग के पैर की हड्डियां टूट गई। घटना की सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह, वनकर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को तत्काल रेस्क्यू कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए।
जानकारी के मुताबिक बीते दिन बिशनपुर कुंडी गांव के पास एक बुजुर्ग ग्रामीण धर्मपाल निवासी पुरानी कुंडी, अपने खेत में रखवाली के लिए गया था। वापस लौटते समय वहां जंगली हाथी वहां आ धमके, हाथियों को ग्रामीणों द्वारा खदेड़ा जा रहा था। इस दौरान खुद को बचाने के लिए बुजुर्ग ने अपनी चादर को हाथी की ओर फेंक दिया। बताया जा रहा है कि घबराहट में बुजुर्ग ग्रामीण खेत में गिर पड़ा और अचानक हाथी ने उसे उठाकर पटक दिया। हाथी के हमले में बुजुर्ग के दोनों पैरों की हड्डी टूट गई।
सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह तुरंग टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल बुजुर्ग को कनखल के निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल वन विभाग की ओर से उसे आर्थिक मुआवजा दिया गया है। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि ग्रामीण पर हाथी के हमले की सूचना मिलते ही वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची थी और टीम द्वारा ही ग्रामीण को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल ग्रामीण को परिजन निजी अस्पताल में ले गए हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। विभाग की ओर से तत्काल पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि मुआवजे के तौर पर प्रदान की गई है।


