विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर की भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक की कथित तौर पर प्रेमिका के परिजनों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, गांव के एक युवक का उसी गांव की एक नाबालिग किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले युवक देर शाम किशोरी से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान किशोरी के परिजनों ने उसे देख लिया। युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने उसे पकड़ लिया।
आरोप है कि इसके बाद युवक के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर युवक के परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। भिक्कमपुर पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


