विनोद धीमान
हरिद्वार। पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत लक्सर कोतवाली पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए घटना की मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से लूट की रकम में से 10 हजार बरामद किए हैं, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिहचंडी निवासी इमरान ने 20 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई को चार अज्ञात व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए ₹1 लाख लूट लिए। शिकायत के आधार पर लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना और मैनुअल जांच के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं। जांच में सामने आया कि पूरी वारदात की साजिश एक महिला ने रची थी।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि इमरान उसके पास भैंस खरीदने आया था और उसके पास 1 लाख नकद थे। लालच में आकर उसने अपने साथी को व्हाट्सएप कॉल कर इमरान की जानकारी दी और नियामतपुर के रास्ते में लूट की योजना बनवाई। वारदात के बाद उसे लूट की रकम में से 20 हजार मिले थे। पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर वह फरार हो गई थी।
पुलिस ने 28 जुलाई को लक्सर क्षेत्र से आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से 10 हजार बरामद किए गए हैं। महिला के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।


