सनसनी:अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच अचानक पहुंची पुलिस;फिर जो सच आया सामने

मामूली विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि महिला का पति सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वहीं आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है। घटना हल्द्वानी के टीपी नगर पुलिस चौकी क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के मुताबिक बीते सोमवार शाम देवल चौड़ बंदोबस्ती निवासी सिक्योरिटी गार्ड लक्ष्मण सिंह भनवाल (46) शराब पीकर ड्यूटी से घर पहुंचा। घर पहुंचते ही किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया। इस दौरान पत्नी ने आपा खो दिया और घर में रखे पाइप से पति पर ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। जिसके बाद वह सुधबुध खोकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पति को मरा देख पत्नी ने उसको कंबल से ढक दिया। इसके बाद जब महिला का बेटा बाजार से घर पहुंचा तो पिता को जमीन पर
पड़े हुए देख उसके होश उड़ गए। उसने इसकी जानकारी परिवार के अन्य लोगों को दी, वहीं परिजन भी मृतक के अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की तो सच सामने आ गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी हरबंस सिंह का कहना है कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही महिला से पूछताछ की जा रही है। महिला ने हत्या किन परिस्थितियों में की है, इसकी जांच की जा रही है। वहीं वारदात के से बाद क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *