“नंबर प्लेट हटाई, जंगल में छिपाया, फिर भी पुलिस से नहीं बच सके!
हरिद्वार। अपराधियों की चालाकी पर पुलिस की मुस्तैदी भारी पड़ी। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को महज 48 घंटे के भीतर बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ट्रक को जंगल में झाड़ियों के बीच छिपा रखा था और पहचान मिटाने के लिए उसकी नंबर प्लेट भी हटा दी थी।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को श्यामपुर क्षेत्र स्थित माइनिंग चेक पोस्ट से लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। मामले में कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। 31 अगस्त को दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक चोरी करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी किया गया ट्रक गैंडीखाता क्षेत्र में जंगल की ओर गुर्जर बस्ती के पास छिपाकर रखा गया है। इसके बाद उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। जंगल में तलाशी के दौरान झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया लाल रंग का 12 टायरा ट्रक बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मौके पर ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया, जो चोरी किए गए वाहन से संबंधित पाया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वाहन की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट भी निकाल दी थी। बरामदगी की पूरी कार्रवाई ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी कर दर्ज की गई। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते शहजाद परवेज (38) पुत्र अमीनुद्दीन, निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, नजीबाबाद व हबीब खां (55) पुत्र प्यारे खां, निवासी मोहल्ला किला, नजीबाबाद, बिजनौर यूपी बताए गए हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपितों का चालान कर दिया है।


