होटल में ले जाकर किया था युवती से दुष्कर्म, फरार को दबिश देकर किया गिरफ्तार

हरिद्वार। युवती को जबरन होटल ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी को बहादराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।


पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री को जबरन अपने साथ होटल ले जाया गया। वहां उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट करते हुए दुष्कर्म किया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ज्योति नेगी को सौंपी गई।


मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार संभावित ठिकानों और निवास स्थान पर दबिश दी गई, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। उपनिरीक्षक ज्योति नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोबारा आरोपी के घर पर दबिश दी। इस दौरान वह मौके पर मिल गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल पुत्र मांगे राम, निवासी ग्राम झीबरहेड़ी, जयन्तीपुर, थाना बिहारीगढ़, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में विधिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *