हरिद्वार। भूपतवाला क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भूपतवाला फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा
भूपतवाला फ्लाईओवर पर एक ट्रक की अज्ञात वाहन से जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मायापुर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया गया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आयरन कटर और अन्य उपकरणों की मदद से ट्रक के केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक चालक की मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान कृष्णवीर (निवासी मुरादनगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए फ्लाईओवर पर यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि भूपतवाला हादसे के मामले में अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


