लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जेल अधीक्षक को धमकी देने वाला दबोचा

पत्नी से जेल में मुलाकात को लेकर नाराज था आरोपित


हरिद्वार।
जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के मामले में सिडकुल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने जेल अधीक्षक के मोबाइल पर अभद्र एवं धमकी भरे संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने थाना सिडकुल में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर धमकी भरे और अभद्र संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सिडकुल पुलिस को आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम लगातार आरोपित की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 21 सितंबर को थाना सिडकुल क्षेत्र के सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने हिमांशु चोढा को पकड़ लिया।

पत्नी से मुलाकात में पूछताछ को लेकर था नाराज
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा अधिक पूछताछ किए जाने से वह नाराज था। पुलिस के अनुसार आरोपित ने बताया कि उसकी पत्नी ने उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने की बात कही थी और जेल अधीक्षक का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया था। इसके बाद आरोपी लुधियाना गया और अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर के जरिए जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे संदेश भेजे।

तमंचा लेकर हरिद्वार पहुंचा था आरोपित
पुलिस के मुताबिक आरोपित को बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली। पूछताछ में उसने बताया कि जेल अधीक्षक को डराने के उद्देश्य से वह अपने पास रखे 315 बोर के तमंचे और कारतूस के साथ लुधियाना से हरिद्वार आया था। वह जेल की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे सूर्यनगर के पास गिरफ्तार कर लिया। अवैध तमंचे की बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपित की पत्नी शीला के खिलाफ भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर धारा 351(3)ध्352ध्61(2) बीएनएस के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

देहरादून में भी दर्ज है मुकदमा
गिरफ्तार आरोपी हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा, निवासी बी-01/1081, सत्संग रोड, सिविल लाइन, भारत नगर चौक, लुधियाना, पंजाब है। उसका वर्तमान पता गली नंबर-6, आईडीपीएल, जनपद देहरादून बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में भी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *