दर्दनाक सड़क हादसा: कंपनी बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो मजदूरों की मौके पर मौत

हरिद्वार। जिले के रुड़की में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा हरिद्वार हाईवे पर कोर कॉलेज के पास हुआ, जहां एक कंपनी के कर्मचारियों को लेने जा रही बस ने बाइक सवार दोनों मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा तथा दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बस चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान महबूब (45 वर्ष), निवासी बेलड़ा, कोतवाली सिविल लाइन, रुड़की और राशिद, निवासी मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। दोनों सोमवार सुबह रोज की तरह मजदूरी के लिए बाइक से निकले थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोजी-रोटी कमाने निकले दोनों मजदूरों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन कोतवाली प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *