हरिद्वार में अंश को मारने पहुंचे बदमाशों ने युवती को मारी गोली

मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में वारदात, जिम में रिसेप्शनिस्ट का काम करती है घायल युवती, एम्स ऋषिकेश में उपचार जारी


हरिद्वार। नगर कोतवाली के मायापुर क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक को निशाना बनाने पहुंचे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि युवक पर गोली चलाए जाने के दौरान उसके साथ रह रही युवती अचानक सामने आ गई और गोली लगने से घायल हो गई। गंभीर हालत में युवती को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।


जानकारी के अनुसार केशर नाम की युवती हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। वह मायापुर क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि अंश के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।


शुक्रवार रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने वहां पहुंचकर अंश पर गोली चलाने की कोशिश की। इसी दौरान केशर बीच में आ गई और गोली उसे जा लगी। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।


पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि फायरिंग किसने की और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की तलाश के साथ ही युवक और युवती के संबंधों तथा दोनों पक्षों के आपराधिक और विवादित इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घायल युवती के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *