हरिद्वार में आस्था का सैलाब! ‘हर-हर महादेव’ से गूंज रही धर्मनगरी, कांवड़ियों ने कहा- ऐसी व्यवस्था पहले नहीं देखी

बैरागी कैंप से लेकर कांवड़ मार्ग तक हर तरफ शिवभक्तों की भीड़, पार्किंग-पानी-शौचालय से लेकर मेडिकल और सुरक्षा इंतजामों की जमकर तारीफ
हरिद्वार।
धर्मनगरी हरिद्वार इन दिनों पूरी तरह शिवमय हो चुकी है। कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंचते ही हरिद्वार में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ पड़ा है कि चारों ओर भगवा ही भगवा नजर आ रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं और हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से पूरी धर्मनगरी गूंज रही है।


कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के बीच उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। कांवड़ियों ने पार्किंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, मेडिकल कैंप और सुरक्षा इंतजामों की जमकर तारीफ की है।

बैरागी कैंप की व्यवस्था ने जीता कांवड़ियों का दिल
हरियाणा से डाक कांवड़ लेने पहुंचे शिवभक्त राजेश ने बताया कि बैरागी कैंप में पार्किंग की शानदार व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यहां करीब 5 से 6 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। पार्किंग स्थल पर जगह-जगह लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा खाने-पीने, पानी और शौचालय की व्यवस्था भी अच्छी है। राजेश ने कहा कि इस बार पार्किंग को लेकर कांवड़ियों को काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

राजस्थान से आए शिवभक्त भी हुए कायल
राजस्थान से डाक कांवड़ लेने पहुंचे इन्द्रेश कुमार बंसल ने कहा कि इस बार उत्तराखंड सरकार ने कांवड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को काफी अच्छे तरीके से संभाला है। उन्होंने सरकार और प्रशासन का आभार जताया।

पंजाब के संगरूर से आए कांवड़िये बोले- ‘इस बार सब बेहतर’
पंजाब के संगरूर से डाक कांवड़ लेने पहुंचे सुरेंद्रलाल ने कहा कि इस बार व्यवस्था पहले की अपेक्षा काफी बेहतर है। पार्किंग में लाइट, पानी और जगह-जगह मेडिकल शिविर लगाए गए हैं। साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों के लिए की गई सुविधाओं को देखकर वह उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।

पलवल के शिवभक्त ने कहा- साफ हैं शौचालय, पानी की भी पूरी व्यवस्था
हरियाणा के पलवल से आए शिवभक्त हरेंद्र ने कहा कि इस बार कांवड़ यात्रा में व्यवस्था पहले से काफी बेहतर है। शौचालय साफ-सुथरे हैं और पानी की व्यवस्था भी अच्छी है। उन्होंने कांवड़ियों के लिए बेहतर इंतजाम करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद किया।

‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज रहा हरिद्वार
कांवड़ियों का कहना है कि इस बार यात्रा मार्गों पर सफाई, सुरक्षा, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से बेहतर दिखाई दे रही हैं। जगह-जगह प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी से श्रद्धालुओं को भी राहत मिल रही है। भगवा रंग में रंगी धर्मनगरी में जहां एक ओर कांवड़ियों का सैलाब दिखाई दे रहा है, वहीं दूसरी ओर हर कदम पर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष सुनाई दे रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने कहा कि बेहतर प्रबंधन और सेवाभाव ने उनकी कांवड़ यात्रा को और भी यादगार बना दिया है। कांवड़ियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का भी व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *