हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मैच खेलकर घर लौट रहे एक युवक पर बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने बीच सड़क पर हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रावली महदूद स्थित हरिद्वार ग्रीन सोसायटी निवासी रितिक शुक्रवार शाम जमालपुर में क्रिकेट मैच खेलने के बाद अपने एक साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। जब वह कनखल क्षेत्र में हरेराम आश्रम के पास पहुंचा, तभी कार्तिक नामक युवक अपने पांच-छह साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि आरोपियों ने रितिक को रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि रितिक और उसका दोस्त बाइक से जा रहे हैं। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचते हैं और अचानक हमला कर देते हैं। हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे भी दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही क्षणों बाद अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच जाते हैं और दोनों युवकों पर हमला बोल देते हैं। हमले के दौरान रितिक बाइक समेत सड़क पर गिर जाता है और खुद को संभालने का मौका तक नहीं पाता।
घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल रितिक ने अस्पताल पहुंचकर मेडिकल परीक्षण कराया और कनखल थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह विवाद क्रिकेट मैच के दौरान शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जमालपुर में खेले जा रहे मैच के दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में रंजिश में बदल गई। इसी विवाद के चलते घर लौटते समय रितिक को निशाना बनाया गया।
पीड़ित ने आरोपियों में शामिल एक युवक कार्तिक की पहचान कर ली है और उसके खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


