आसफ नगर झाल पर नहाते समय किशोर नहर में डूबा, तलाश जारी

हरिद्वार। रुड़की में रविवार दोपहर आसफ नगर झाल पर नहाने के दौरान एक किशोर नहर में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं खोज अभियान शुरू कर दिया।


पुलिस के अनुसार, आज 26 जुलाई को दोपहर करीब 3:33 बजे कंट्रोल रूम रुड़की से सूचना मिली कि आसफ नगर झाल पर 16-17 वर्षीय एक किशोर नहर में नहाते समय डूब गया है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।


जांच में पता चला कि अभय पंत पुत्र मनोज पंत, निवासी सोनालीपुरम, रुड़की, अपने मित्र पीयूष जुयाल के साथ नहर में नहाने आया था। इसी दौरान अभय अचानक गहरे पानी में डूब गया।


घटना के बाद पुलिस ने तत्काल सिंचाई विभाग से संपर्क कर नहर का पानी बंद कराया। जल पुलिस की टीम की सहायता से नहर में अभय पंत की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है। पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *