घर लौट रहे दो युवकों की संदिग्ध मौत: ट्रेन से गिरकर जान गई या रची गई साजिश?

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर क्षेत्र की सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर कुन्हारी में शादी के घर में उस वक्त मातम पसर गया, जब रोजी-रोटी कमाकर पंजाब से घर लौट रहे गांव के दो युवकों की सहारनपुर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर पहुंची। दोनों युवक सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र स्थित पीजीआई कॉलेज के पास ट्रेन से नीचे गिरे मिले। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हादसा मान रही है, लेकिन परिजन इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए गंभीर सवाल उठा रहे हैं।


मृतकों की पहचान महताब (32) पुत्र कल्लू और गुलफाम (30) पुत्र हनीफ निवासी ग्राम मोहम्मदपुर कुन्हारी, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक करीब दो सप्ताह पूर्व सुल्तानपुर निवासी एक ठेकेदार के साथ मजदूरी करने पंजाब के खन्ना गए थे। परिवार में शादी समारोह होने के कारण दोनों शनिवार की रात को घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में सहारनपुर के पास उनकी जिंदगी की डोर टूट गई।

बताया गया कि सोमवार सुबह लक्सर पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि दोनों युवकों की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बदहवास हालत में सहारनपुर पहुंचे।

मृतक गुलफाम के भाई मेहरबान का कहना है कि दोनों युवक एक साथ सफर कर रहे थे, ऐसे में दोनों का एक ही समय ट्रेन से गिर जाना सामान्य हादसा नहीं लगता। परिजनों ने आशंका जताई कि कहीं उनके साथ मारपीट, लूटपाट या किसी साजिश के तहत घटना को अंजाम तो नहीं दिया गया। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर तस्वीर साफ हो सकेगी। वहीं गांव में दोनों युवकों के जनाजे की तैयारी के बीच हर आंख नम है। एक ही गांव के दो युवकों की एक साथ मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


अब सबसे बड़ा सवाल यही है, क्या यह महज ट्रेन हादसा था या फिर दोनों युवकों की मौत के पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है? पुलिस जांच के निष्कर्ष पर पूरे गांव और परिजनों की निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *