गंगा में डूब रहे कांवड़िये की एसडीआरएफ ने बचाई जान, बड़ा हादसा टला

हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर गंगा में स्नान कर रहा एक कांवड़िया तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


जानकारी के अनुसार, कांगड़ा घाट पर ड्यूटी के दौरान एसडीआरएफ टीम को गंगा में एक युवक के डूबने की सूचना मिली। टीम ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कुछ ही देर में युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


बचाए गए कांवड़िये की पहचान हरियाणा के जींद निवासी 19 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। सुरक्षित बाहर निकालने के बाद एसडीआरएफ टीम ने उसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई।


एसडीआरएफ की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।


कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए हरिद्वार के प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी कड़ी कर दी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीमें लगातार मुस्तैद in हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा में स्नान के दौरान पूरी सावधानी बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *