धोखे से शादी और यौन शोषण के आरोप में वन विभाग के एसडीओ गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

फर्जी तलाक के दस्तावेज दिखाकर संबंध बनाने का आरोप


देहरादून।
चकराता क्षेत्र में अवैध खनन के मामलों को लेकर चर्चाओं में रहे वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन पर एक युवती ने धोखे से शादी और यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर विकासनगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेशी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, युवती ने आरोप लगाया कि राजीव नयन ने अपनी वैवाहिक स्थिति को लेकर गलत जानकारी दी। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने पहली शादी और तलाक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई, जबकि दूसरी पत्नी से तलाक होने के फर्जी दस्तावेज दिखाकर युवती का विश्वास जीता और उसी आधार पर उसका यौन शोषण किया।

विकासनगर कोतवाली के एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि आरोपी को रात में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि राजीव नयन नौटियाल इससे पहले चकराता और कालसी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतों को लेकर चर्चा में रहे थे। खनन कारोबारियों के साथ उनका विवाद और उससे जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हाल ही में वन विभाग ने उन पर उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और सरकारी कार्यों में लापरवाही के आरोप लगाते हुए निलंबित किया था, हालांकि बाद में हाई कोर्ट ने उनके निलंबन के आदेश को निरस्त कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *