राहुल गांधी के बयान पर भड़के संजय गुप्ता, बोले—‘एससी-एसटी समाज का अपमान नहीं सहेगा देश’

राहुल गांधी की टिप्पणी पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने की गिरफ्तारी की मांग

हरिद्वार। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एससी-एसटी समाज को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में लक्सर क्षेत्र के भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने राहुल गांधी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए उनके बयान को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समाज का घोर अपमान बताया।


हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुए विवाद ने अब सियासी रंग ले लिया है। इसी घटनाक्रम को लेकर राहुल गांधी द्वारा एससी-एसटी समाज के संबंध में दिए गए कथित बयान पर भाजपा नेता संजय गुप्ता ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।


संजय गुप्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एससी-एसटी समुदाय के संबंध में अभद्र टिप्पणी करने के साथ ही गलत तथ्यों को आधार बनाकर समाज को बदनाम करने का प्रयास किया। जबकि शुद्धिकरण करने वाले स्वयं एस/एस टी समुदाय के हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज देश की लोकतांत्रिक और सामाजिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा उसके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।


‘राजनीति के नाम पर समाज का अपमान नहीं चलेगा’
पूर्व विधायक ने कहा कि राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी को राजनीतिक बयानबाजी के नाम पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर बयान की जांच कराने और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।
संजय गुप्ता ने कहा कि एससी-एसटी समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए भाजपा कार्यकर्ता हर स्तर पर आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी नेता को संवैधानिक रूप से संरक्षित समुदाय के सम्मान को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है।

गिरफ्तारी की मांग से गरमाया सियासी माहौल
राहुल गांधी के कथित बयान के विरोध में संजय गुप्ता द्वारा तत्काल गिरफ्तारी की मांग किए जाने से लक्सर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा नेता ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने एससी-एसटी समाज से भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *