विकासनगर। देहरादून में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर बरपाया। प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। हादसे में युवक समेत एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल अवस्था में करीब दो किलोमीटर दूर से सुरक्षित रेस्क्यू की गई।
तेज बहाव में 2 किमी तक बहती चली गई कार
देर रात थाना प्रेमनगर क्षेत्र से क्रेटा वाहन संख्या आरजे 13 सीई 5641 के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके के लिए रवाना हुई। प्रतिकूल मौसम और अंधेरे के बीच टीम ने तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कार में सवार थे तीन लोग, दो की मौत
एसडीआरएफ के अनुसार कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। लगातार सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिलीं। एसडीआरएफ जवानों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।
इसके बाद सर्चिंग अभियान के दौरान अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान और एक अन्य युवती का शव बरामद हुआ। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मौत के सैलाब में युवती की बची जान
हादसा जितना भयावह था, उतना ही हैरान करने वाला एक पहलू भी सामने आया। जिस तेज बहाव में कार करीब दो किलोमीटर तक बह गई, उसी दौरान एक युवती की जान बच गई। घायल अवस्था में एसडीआरएफ ने उसे रेस्क्यू कर लिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर गहरी चिंता और हैरानी है।
एसडीआरएफ ने पूरी रात चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
तेज बारिश, अंधेरा और खतरनाक बरसाती बहाव के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने पूरी रात सर्चिंग और रेस्क्यू अभियान जारी रखा। टीम ने घटनास्थल से आसपास के क्षेत्र तक लगातार तलाश की और आखिरकार कार सवारों का पता लगाया।
एसडीआरएफके अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर ने बताया कि भारी बारिश के कारण रपटे पर बरसाती पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान कार बरसाती खाले में बह गई और करीब दो किलोमीटर दूर जा पहुंची। हादसे में दो लोगों की मौत हुई, जबकि एक युवती घायल अवस्था में मिली।


