बहादराबाद में भाजपा ने किया कलश वितरण कार्यक्रम, नेताओं ने कहा—जात-पात का भेद मिटाकर भाईचारे को मजबूत करना ही संत रविदास की सच्ची सीख
हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार की ओर से बहादराबाद में समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत रविदास जी की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी को कलशों के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल, उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान और राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह मोगा मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की।
प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि से आई पवित्र मिट्टी को गांव-गांव और घर-घर पहुंचाकर संत रविदास के विचारों को जन-जन तक ले जाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीब और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि समरसता भाजपा का संकल्प है। संत रविदास के विचारों पर चलते हुए समाज में समानता और भाईचारा स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और सरकार की नीतियां समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के विकास को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से कलश यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार संतों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर कार्य कर रही है। संत रविदास ने सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने और सनातन संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।
अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र वाल्मीकि ने कहा कि कलश वितरण कार्यक्रम सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य संत रविदास के विचारों को हर बस्ती तक पहुंचाना है।
प्रदेश महामंत्री अनुसूचित मोर्चा विनोद लक्खा ने कहा कि संत रविदास की जन्मभूमि से लाई गई मिट्टी को कलश यात्रा के माध्यम से गांव और शहरों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से समाज में समानता और भाईचारे की भावना मजबूत होगी तथा जात-पात के भेदभाव को दूर करने का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।
कार्यक्रम में भूप सिंह, सुबोध राकेश, मनोज गौतम, सतीश कुमार, ब्रज रानी, देवेंद्र प्रधान, तेलूराम प्रधान, धर्मेंद्र कुमार, रविदास पीठ के प्रदेश अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष प्रताप प्रधान, अश्वनी काम्बोज, रीता सैनी, मंडल महामंत्री शिवम चौहान, राजवीर कलानिया, हिमांशु, अनुज चौहान, प्रमोद शर्मा, मंडल अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा नाथी राम, विपिन शर्मा, राजेंद्र कटारिया, लव शर्मा, धर्मेंद्र सिंह चौहान, विनीत जोली, प्रमोद कुमार, सतीश, संजय, विपुल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


