रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने किया सड़क चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ

हरिद्वार। क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने भेल मध्य मार्ग से रानीपुर कोतवाली होते हुए शिवालिकनगर की टिहरी विस्थापित कॉलोनी को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जाने वाले इस कार्य के तहत सड़क के दोनों ओर मजबूत टाइल्स लगाकर मार्ग को चौड़ा एवं सुगम बनाया जाएगा।


यह परियोजना क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए राहत लेकर आएगी। सड़क चौड़ीकरण से टिहरी विस्थापित कॉलोनी के वार्ड संख्या 06 एवं 07, सुभाषनगर के वार्ड संख्या 08 तथा शिवालिकनगर एस क्लस्टर के वार्ड संख्या 04 एवं 05 के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से संकरे मार्ग के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।


शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सड़क के संकरे होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। मार्ग के चौड़ीकरण के बाद न केवल सड़क हादसों में कमी आएगी बल्कि स्थानीय लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग छोटे वाहनों के लिए शिवालिकनगर बाइपास के रूप में भी कार्य करेगा, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा।


विधायक ने बताया कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में शिवालिकनगर और टिहरी विस्थापित कॉलोनी के वार्ड 04 एवं 05 के बीच पूर्व में एक पुल का निर्माण कराया जा चुका है, जबकि वार्ड 05 और 07 के बीच दूसरे पुल का निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।


इस अवसर पर स्थानीय सभासद ब्रजलेश देवी ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों से जनता में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि सड़क और पुल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास से क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।


कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक आदेश चौहान का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *