बसंतोत्सव 2026 में उत्कृष्ट संचालन के लिए प्रो. डॉ. नरेश चौधरी सम्मानित

हरिद्वार। उत्तराखण्ड राजभवन स्थित लोक भवन में आयोजित तीन दिवसीय बसंतोत्सव 2026 के समापन अवसर पर ऋषिकुल आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रो. डॉ. नरेश चौधरी को उत्कृष्ट संचालन एवं संयोजन के लिए उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरुमीत सिंह द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।


तीन दिवसीय बसंतोत्सव के दौरान लाखों दर्शकों ने लोक भवन पहुंचकर भव्य पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न स्थानीय उत्पादों के स्टालों का भ्रमण किया। आयोजन में प्रदर्शनी के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभाग करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया।


ऋषिकुल आयुर्वेद महाविद्यालय के शरीर रचना विभागाध्यक्ष एवं नेशनल मैनेजिंग बॉडी, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य प्रो. डॉ. नरेश चौधरी को आयोजन के सफल संचालन एवं उत्कृष्ट समन्वय के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल गुरुमीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने मूल दायित्वों का निर्वहन करता है, लेकिन जो व्यक्ति अपने नियमित कार्यों के साथ सामाजिक सेवा में भी समर्पित भाव से योगदान देता है, वह विशेष सम्मान का पात्र होता है। उन्होंने डॉ. चौधरी की सेवाओं को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।


समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास तथा श्रीमती सविता कपूर ने भी डॉ. नरेश चौधरी को सम्मान मिलने पर बधाई दी। उद्यान एवं कृषि सचिव डॉ. एस.एन. पाण्डेय ने डॉ. चौधरी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें जब भी किसी विभाग द्वारा दायित्व सौंपा जाता है, वे उसे पूरी निष्ठा और कर्मठता से सफलतापूर्वक पूरा करते हैं। वहीं उद्यान विभाग के निदेशक एस.एल. सेमवाल ने भी विभाग की ओर से उनका आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव रविनाथ रमन, अपर सचिव रीना जोशी, सांस्कृतिक सचिव जुगल किशोर पंत, अपर सचिव आनन्द श्रीवास्तव, निदेशक बागवानी महेन्द्र पाल, अपर निदेशक रतन कुमार, संयुक्त निदेशक सुरेश राम, उप निदेशक नरेन्द्र यादव सहित उद्यान विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, कुल सचिव नरेन्द्र सिंह कुरियाल एवं परिसर निदेशक प्रो. अनूप गक्कड़ ने भी डॉ. चौधरी को बधाई दी।
सम्मान प्राप्त करने पर प्रो. डॉ. नरेश चौधरी ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री तथा उद्यान विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान उन्हें समाज सेवा के प्रति और अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि शुभचिंतकों की शुभकामनाएं ही उनके लिए सबसे बड़ी शक्ति और अमूल्य पूंजी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *