हरिद्वार। बीती देर शाम हर की पैड़ी के मालवीय घाट पर एक संदिग्ध बैग के मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे हर की पैड़ी चौकी प्रभारी ने इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली एवं उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, सीओ सिटी मनोज ठाकुर समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आनन- फानन में पूरे मालवीय घाट को खाली कराया गया।

उस वक्त मौके पर करीब एक हजार श्रद्धालु मौजूद थे। संदिग्ध बैग में किसी बम या अन्य विस्फोटक सामग्री होने के संदेह के चलते मौके पर बीडीएस तथा डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। संदिग्ध बैग को चैक करने पर सुरक्षाबलों को उसमें कुछ कपड़े मिले अन्य कोई विस्फोटक जैसी कोई वस्तु नाबमिलने पर अधिकारियो ने चैन की सांस ली।

बता दें कि ये पूरा घटनाक्रम पुलिस द्वारा किये गए मॉक ड्रिल का हिस्सा था,जिसे पुलिस अधिकारियो ने सुरक्षा व्यवस्था को परखने व उसका जायजा लेने को बनाया गया था। पुलिस टीम के रिस्पांस टाइम को बढ़िया बताते हुए क्राउड कंट्रोल को और बेहतर किए जाने के लिए एसएसपी ने अपने अधीनस्थों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

आगामी मकर संक्रांति स्नान पर्व एवं 26 जनवरी को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह ने जिले में पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। साथ ही तमाम होटल, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन आदि स्थानों पर हर संदिगधो पर कड़ी नजर रखने के साथ ही अधीनस्थों को सचेत रहने के निर्देश दिए गए।


