शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा हल्द्वानीके टांडा रोड पर एस बैंड के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार 18 सितंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। एक राहगीर ने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों बाइक सवार अचेत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान और 24 वर्षीय वैभव छाबरा के रूप में हुई है। दोनों रुद्रपुर के फुलसुंगी क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार हादसे में दोनों युवकों के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना पुलिस ने दोनों युवकों के परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। दो युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए।
तेज रफ्तार को माना जा रहा हादसे का कारण
पुलिस प्रथम दृष्टया बाइक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह मान रही है। आशंका है कि तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। दोनों शवों को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।


