पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिसॉर्ट में कथित रूप से संचालित देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने मौके से अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने का भी दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, रामनगर स्थित संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई, जहां कई संदिग्ध लोग मिले।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रिसॉर्ट परिसर में बिना वैध लाइसेंस के बार संचालित किया जा रहा था। जांच के दौरान होटल के कुछ कर्मचारियों की कथित संलिप्तता भी सामने आई है। हालांकि, रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। उन्हें आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच की जा रही है।
एसएसपी नैनीताल ने बताया कि मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम 4. 30 बजे रामनगर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया जाएगा।


