अखाड़े की व्यवस्थाओं से नाराज महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने छोड़ा पद, अध्यक्ष को भेजा इस्तीफा

आपसी खींचतान, तानाशाही और मुकदमेबाजी को बताया फैसले की वजह, पंजाब के लोगों को उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर भी जताई नाराजगी


हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण में अंदरूनी खींचतान का मामला अब खुलकर सामने आ गया है। अखाड़े की मौजूदा व्यवस्थाओं और धार्मिक गतिविधियों की स्थिति से नाराज महामंडलेश्वर पूर्ण गुरु श्री करौली शंकर महाराज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास महाराज को अपना त्यागपत्र भेजकर पद से जुड़े सभी दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया है।


प्रेस को जारी त्यागपत्र में करौली शंकर महाराज ने अखाड़े की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आपसी खींचतान, तानाशाही और मुकदमेबाजी के चलते अखाड़े की पारंपरिक पंचायती व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि पंजाब के लोगों को अखाड़े में न तो उचित प्रतिनिधित्व मिल रहा है और न ही अपेक्षित सम्मान दिया जा रहा है।

महाराज ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने सनातन धर्म, संत परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति समर्पण के भाव से महामंडलेश्वर पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इस दौरान संत-महात्माओं और अखाड़े के पदाधिकारियों से मिले सहयोग के लिए उन्होंने आभार भी जताया। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों ने उन्हें इस पद पर बने रहने के निर्णय पर पुनर्विचार करने के लिए विवश कर दिया।


उन्होंने आरोप लगाया कि अखाड़े की स्थापना जिन धार्मिक और सामाजिक उद्देश्यों को लेकर की गई थी, वे अब पीछे छूटते जा रहे हैं। अखाड़े की संपत्तियों का उपयोग निजी हितों के लिए किए जाने की बात कहते हुए उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाए। साथ ही कहा कि अखाड़े में ध्यान-साधना, पूजा-पाठ और अन्य आध्यात्मिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।


करौली शंकर महाराज ने स्पष्ट किया कि मौजूदा हालात और अपने स्वतंत्र आध्यात्मिक एवं सामाजिक दायित्वों को देखते हुए उन्होंने स्वेच्छा से महामंडलेश्वर पद छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने अखाड़े के अध्यक्ष से त्यागपत्र स्वीकार कर पद की जिम्मेदारियों से मुक्त करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *