जन्मदिन पार्टी में खूनी संघर्ष, जिला पंचायत सदस्य पर जानलेवा हमला, पांच नामजद

लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से किया हमला, कई घायलय गंभीर हालत में एक युवक हायर सेंटर रेफर

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर के एक बैंक्वेट हॉल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान मामूली कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने जिला पंचायत सदस्य मोनू कुमार और उनके साथियों पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हो गए। इनमें विकास नाम के युवक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, जिला पंचायत हरिद्वार के प्रतिनिधि सदस्य मोनू कुमार निवासी बसेड़ी खदार ने तहरीर देकर बताया कि 19 नवंबर को वह अपने दोस्त सचिन की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए लक्सर स्थित युवराज पैलेस पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद अकबरपुर ऊद निवासी सत्येंद्र राणा के साथ किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
आरोप है कि कुछ देर बाद सत्येंद्र राणा अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर बैंक्वेट हॉल में पहुंचा और मोनू कुमार व उनके साथियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए जमकर मारपीट की। हमले में मोनू कुमार, विकास समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लक्सर ले जाया गया, जहां विकास की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।


पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सत्येंद्र राणा, अंकित, आशीष, विशाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि जन्मदिन पार्टी में जिला पंचायत सदस्य और उनके साथियों के साथ मारपीट के मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *