2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

हरिद्वार जिले की सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य, बूथ स्तर तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने का आह्वान
हरिद्वार।
भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को भाजपा जिला हरिद्वार की संगठनात्मक बैठक जिला कार्यालय मारुति वाटिका, जगजीतपुर में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचीं भाजपा की प्रदेश सह-प्रभारी एवं नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की।


सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड के सह-प्रभारी के रूप में कार्य करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उनकी माता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज भी उत्तराखंड की प्रभारी रही थीं और उनका इस प्रदेश से विशेष आत्मीय लगाव था। पार्टी ने अब उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता सरकार के कामकाज और संगठन की ताकत के आधार पर इसका जवाब देंगे। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं, जिन्हें लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने हरिद्वार जिले के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा नगरी और उत्तराखंड के प्रवेश द्वार हरिद्वार की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा। उन्होंने घर-घर संपर्क और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।

संगठन की मजबूती ही जीत का आधार
जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बैठक को सफल बताते हुए कहा कि सांसद बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया है। पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत करना है और हरिद्वार जिले का कार्यकर्ता वर्ष 2027 के चुनाव की तैयारी में जुट गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाकर देशभर में संदेश दिया है। सरकार युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराने के साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए भी योजनाएं चला रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने उत्तराखंड में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज, सड़क सुविधाओं के विस्तार और किसानों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर काम कर रही है।

रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि संगठन भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन मजबूत होगा तो सरकार भी मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ जीतने के लक्ष्य के साथ घर-घर पहुंचकर सरकार की उपलब्धियां बताने का आह्वान किया।

पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में दर्जाधारी राज्यमंत्री डॉ. जयपाल चौहान, हरिद्वार के महापौर, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व महापौर मनोज गर्ग, जिला सह-प्रभारी दीपक धमीजा, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, विकास तिवारी, सुशील चौहान, जिला महामंत्री संजीव चौधरी और हीरा सिंह बिष्ट सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, निपेंद्र चौधरी, आशु चौधरी, तरुण नय्यर, सीमा चौहान, संदीप अग्रवाल, हरजीत सिंह, रेशु चौहान, रितु ठाकुर, धर्मेंद्र चौहान, नकली राम सैनी, अरविंद कुशवाहा, रजनी वर्मा, हरित सैनी, पारुल चौहान, चित्र कुमार सैनी, विपिन शर्मा, तेलूराम चनरिया, जसवीर बसेड़ा, अभिनव चौहान, रेनू शर्मा, प्रमोद शर्मा, राकेश सैनी, सुशील पवार, विवेक चौहान, जितेंद्र चौधरी, राजवीर सिंह कश्यप, डॉ. प्रदीप चौधरी, राव जमीर और एजाज हसन सहित जिले के सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *