तीन साल का प्रेम प्रसंग, पति से तलाक की जिद और फिर पुलिस चौकी में शिकायत!

प्रेमी संग निकाह करने पर अड़ी विवाहिता, समझाने आई मां भी बेटी के पक्ष में खड़ी हुई
पति ने तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर करने से किया इनकार, सुल्तानपुर चौकी तक पहुंचा मामला

विनोद धीमान
हरिद्वार।
पति तपती धूप में दिनभर पसीना बहाकर परिवार का पालन-पोषण करता रहा, लेकिन घर की चारदीवारी के भीतर चल रहे कथित प्रेम प्रसंग ने वैवाहिक रिश्ते में दरार डाल दी। मामला मोहम्मदपुर कुन्हारी गांव का है, जहां एक विवाहिता अपने पति के साथ रहने से साफ इनकार करते हुए गांव के ही एक युवक से निकाह करने की जिद पर अड़ गई है। बताया जा रहा है कि विवाहिता और युवक के बीच पिछले तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। मामला उस समय और उलझ गया, जब विवाहिता अपनी मां के साथ प्रेमी को लेकर कोर्ट पहुंच गई। वहां तलाक के कागजात में पति के हस्ताक्षर नहीं होने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद घर लौटी विवाहिता का पति के साथ फिर विवाद हो गया और मामला सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंच गया।

तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग, पति को लगी भनक
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर कुन्हारी निवासी विवाहिता का गांव के ही एक युवक के साथ पिछले करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि महिला का पति मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियां निभाता है। इसी बीच पत्नी के कथित प्रेम प्रसंग की जानकारी पति को हुई तो घर में विवाद शुरू हो गया। पति-पत्नी के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई और रिश्तों में तनाव गहराने लगा।
परिजनों ने भी विवाहिता को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पति के साथ रहने को तैयार नहीं हुई। मामला धीरे-धीरे इस कदर बढ़ गया कि दोनों के बीच तलाक की नौबत आ गई। विवाहिता ने पति से अलग होने का फैसला करते हुए तलाक के कागजात तैयार कराए और पति से उन पर हस्ताक्षर करने को कहा। हालांकि, पति ने कागजात पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद और गहरा गया।


तलाक के हस्ताक्षर नहीं हुए तो कोर्ट में अटक गई बात
मामले में नया मोड़ उस समय आया, जब विवाहिता अपनी मां के साथ प्रेमी को लेकर कोर्ट पहुंच गई। बताया जा रहा है कि महिला प्रेमी के साथ निकाह करना चाहती थी, लेकिन इसके लिए तलाक की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी। तलाक से संबंधित कागजात में पति के हस्ताक्षर नहीं होने के कारण उन्हें वापस कर दिया गया। इसके चलते विवाहिता की शादी की योजना आगे नहीं बढ़ सकी।
कोर्ट से लौटने के बाद विवाहिता अपने पति के घर पहुंची, लेकिन पति-पत्नी के बीच हस्ताक्षर को लेकर फिर विवाद छिड़ गया। एक तरफ पति तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर करने को तैयार नहीं था, तो दूसरी तरफ विवाहिता अपने प्रेमी के साथ जाने और उससे निकाह करने की जिद पर अड़ी रही। देखते ही देखते घरेलू विवाद ने तूल पकड़ लिया।

बेटी की जिद के आगे मां ने भी बदला रुख
विवाहिता को समझाने के लिए उसकी मां भी पहुंची थी। उम्मीद थी कि मां के समझाने पर बेटी अपना फैसला बदल सकती है और परिवार में चल रहा विवाद शांत हो जाएगा। लेकिन बताया जा रहा है कि विवाहिता अपनी जिद से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई। बेटी को समझाने आई मां भी आखिरकार उसके पक्ष में खड़ी हो गई। इसके बाद परिवार के भीतर चल रहा विवाद और उलझ गया।

पति के खिलाफ पुलिस चौकी में दी शिकायत
पति-पत्नी के बीच बढ़ते विवाद के बाद विवाहिता ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में अपने पति के खिलाफ शिकायत दे दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और विवाहिता को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, महिला अपने पति के साथ रहने के लिए तैयार नहीं हुई। वह अपने प्रेमी के साथ जाने और उससे निकाह करने की जिद पर अड़ी रही। कुछ देर बाद महिला चौकी से अपनी मां के साथ चली गई।
वहीं पुलिस का कहना है कि महिला शादीशुदा है और वह स्वतंत्र है उसे पर किसी भी व्यक्ति के प्रति दबाव नहीं मनाया जा सकता फिलहाल महिला अपने घर चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *