कांवड़ मेला : हरिद्वार पुलिस ने जारी किया विस्तृत ट्रैफिक प्लान, घर से निकलने से पहले जरूर देखें रूट डायवर्जन

11 अगस्त को शिवरात्रि के मुख्य पर्व तक कई मार्गों पर डायवर्जन, भारी वाहनों पर प्रतिबंध, कांवड़ वाहनों और बसों के लिए अलग व्यवस्था


हरिद्वार। श्रावण मास और कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने विस्तृत यातायात योजना जारी कर दी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान अवश्य देखें। श्रावण मास 28 जुलाई से शुरू हो चुका है, जबकि 11 अगस्त को शिवरात्रि का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। इस अवधि में विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।


पुलिस के अनुसार सामान्य दिनों में हरिद्वार आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग बनाए गए हैं, जबकि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, पंजाब, हरियाणा, मुरादाबाद, बिजनौर, नजीबाबाद, देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले कांवड़ वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।


रोडवेज और निजी बसों के संचालन के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाली बसों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा, जबकि देहरादून और ऋषिकेश से आने वाली बसों के लिए मोतीचूर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।


भारी वाहनों पर भी चरणबद्ध प्रतिबंध लगाया गया है। 5/6 अगस्त से 11 अगस्त तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं चारधाम यात्रा पर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं ताकि यात्रा सुचारु रूप से जारी रह सके।


पैदल कांवड़ियों के लिए भी अलग रूट तय किए गए हैं। हर की पैड़ी से दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, देहरादून और ऋषिकेश की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों से ही आवागमन करना होगा।


हरिद्वार पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित रूट का ही उपयोग करें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *