छह मार्च के बाद नहीं हुई बोर्ड बैठक, सभासदों की शिकायत पर एडीएम ने अधिशासी अधिकारी को जारी किया पत्र
हरिद्वार। नगर पालिका परिषद लक्सर की बोर्ड बैठक लंबे समय से नहीं होने और जनहित से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव लंबित रहने के मामले में जिलाधिकारी कार्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र जारी कर बोर्ड बैठक शीघ्र आहूत कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैठक के एजेंडे में सभासदों की ओर से प्रस्तुत और पूर्व से लंबित सभी जनहित एवं विकास कार्यों के प्रस्ताव नियमानुसार शामिल करने को कहा है।
जिलाधिकारी कार्यालय को 26 नवंबर को नगर पालिका के सभासदों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि छह मार्च 2026 के बाद से पालिका की बोर्ड बैठक आयोजित नहीं की गई है। इसके चलते नगर क्षेत्र के विभिन्न मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव लंबित पड़े हैं।
सभासदों ने यह भी आपत्ति जताई कि पालिका अध्यक्ष की ओर से 25 नवंबर को जारी पत्र में सभी सभासदों से सात दिसंबर तक प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसके बाद ही बोर्ड बैठक की तिथि निर्धारित करने की बात कही गई है। इस पर जिलाधिकारी कार्यालय ने बैठक को अनावश्यक रूप से टालने पर नाराजगी जताते हुए वैधानिक प्रावधानों का हवाला दिया है।
एडीएम वैभव गुप्ता ने पत्र में उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 86 का उल्लेख करते हुए कहा कि नगरपालिका की कम से कम एक बैठक प्रत्येक माह आयोजित किए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा निर्धारित संख्या में सदस्यों की लिखित मांग पर भी तय समयसीमा के भीतर बैठक बुलाना आवश्यक है।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी को पालिका अध्यक्ष से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार जल्द बोर्ड बैठक कराने, बैठक की तिथि और एजेंडे की सूचना सभी सभासदों को समय से उपलब्ध कराने तथा लंबित प्रस्तावों को प्राथमिकता से एजेंडे में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरी कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय को इसकी जानकारी देने को कहा है।

