बोले- निष्कासन और लगाए गए आरोपों को प्रमाणित करें, अन्यथा खोल दूंगा सबका कच्चा चिट्ठा; स्वेच्छा से दिया है महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा
हरिद्वार। अखाड़े से महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा देने के बाद करौली शंकर दास महाराज और नया उदासीन अखाड़े के संतों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। अखाड़े के सचिव जगतार मुनि की ओर से पत्रकार वार्ता कर करौली शंकर दास महाराज को अखाड़े से निष्कासित किए जाने ओर जादू टोना करने संबंधी बयान दिए जाने के बाद अब महाराज ने पलटवार किया है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने जगतार मुनि को आरोपों और निष्कासन संबंधी बयान को प्रमाणित करने की चुनौती देते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
करौली शंकर दास महाराज ने कहा कि उन्होंने महामंडलेश्वर पद से स्वेच्छा से त्यागपत्र दिया है। इसके बावजूद अखाड़े के संतों की ओर से अलग-अलग बयान देकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अपनी दंडवत यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी यात्रा दक्षेश्वर महादेव मंदिर से निकाली जानी थी, लेकिन अखाड़े के संतों ने बार-बार आग्रह कर नया उदासीन अखाड़े से यात्रा निकालने को कहा। उनका कहना था कि इससे अखाड़े का नाम होगा।
महाराज ने अखाड़े में कराए गए निर्माण कार्यों और खर्च का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वहां 26 कमरे बनवाने में करोड़ों रुपये खर्च किए। इसके बावजूद अब एक चादर में छेद होने जैसी छोटी बातों को मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्हें करोड़ों रुपये के खर्च और कराए गए कार्य दिखाई नहीं दिए।
जादू-टोना और भूत-प्रेत के नाम पर पूजा कराने के आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं जादू-टोने के खिलाफ हैं। उन्होंने अखाड़े में पूजा-पद्धति पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां पीर-फकीरों की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि अखाड़े में ज्ञान, यज्ञ और पूजा-पाठ जैसी गतिविधियां नियमित रूप से नहीं हो रही थीं। उन्होंने दावा किया कि उनके प्रयासों से बंद पड़ी एक शाला को खुलवाया गया और वहां साफ-सफाई कराकर यज्ञ आदि शुरू कराए गए।
करौली शंकर दास महाराज ने जगतार मुनि को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें अखाड़े से निष्कासित किया गया है तो इसके प्रमाण सार्वजनिक किए जाएं। उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को भी प्रमाणित करना होगा। ऐसा नहीं होने पर वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसी तरह निराधार आरोप लगाए जाते रहे तो वह भी पूरे मामले का कच्चा चिट्ठा सार्वजनिक कर देंगे। उन्होंने कहा कि वह महामंडलेश्वर बनने अखाड़े नहीं गए थे बल्कि अखाड़े के महंत उनके पास महामंडलेश्वर बनने का आग्रह लेकर कर आए थे।

