निर्वाचित सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को सौंपा पत्र, नोटिस बोर्ड पर निविदाओं का विवरण चस्पा करने और चयनित फर्मों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग
हरिद्वार। नगर पालिका परिषद लक्सर में टेंडर प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग उठने लगी है। नगर पालिका के कई सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को पत्र सौंपकर पालिका की ओर से जारी किए जाने वाले सभी टेंडरों की जानकारी प्रत्येक निर्वाचित सभासद को उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही सभी निविदाओं का विवरण नगर पालिका कार्यालय के सार्वजनिक नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराने की मांग भी की गई है।
सभासदों का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र में निर्माण कार्यों, मैनपावर सप्लाई, सामग्री खरीद और अन्य विकास कार्यों के लिए समय-समय पर टेंडर जारी किए जाते हैं। इन कार्यों में सरकारी धन खर्च होता है। ऐसे में नगर क्षेत्र की जनता के निर्वाचित प्रतिनिधियों को निविदा प्रक्रिया की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
पत्र में मांग की गई है कि प्रत्येक टेंडर का नाम, अनुमानित लागत, जारी होने की तिथि और अंतिम तिथि की जानकारी सभासदों को लिखित रूप में दी जाए। इसके अलावा टेंडर किस पोर्टल पर जारी किया गया है, उसकी टेंडर आईडी, संबंधित लिंक, शर्तों और पात्रता संबंधी विवरण भी उपलब्ध कराया जाए।
सभासदों ने यह भी मांग की है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित फर्म, स्वीकृत दर और कार्यादेश की जानकारी भी सार्वजनिक की जाए। इसके लिए नियमित व्यवस्था लागू करने के साथ ही इस विषय को आगामी बोर्ड बैठक के एजेंडे में शामिल करने का आग्रह किया गया है।
सभासदों ने अधिशासी अधिकारी से मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई कर की गई कार्यवाही की लिखित जानकारी देने की मांग की है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से नगर पालिका के विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकारी धन के उपयोग पर जनप्रतिनिधियों की निगरानी भी मजबूत होगी। पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में सभासद पूजा, सचिन हरि, करणपाल, पंकज कुमार, नीलम व जुल्फकार आदि शामिल हैं।

