भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में 25 फीसदी की कटौती, हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मंजूरी; आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय पर फैसला सीएम के हवाले
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट के फैसलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से लेकर शहरी परिवहन व प्रशासनिक व्यवस्था तक कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल तक सरकारी सेवा अनिवार्य कर दी गई, जबकि वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई। इसके साथ ही भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में 25 प्रतिशत की कटौती और हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
कैबिनेट बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों को अब दो साल तक अनिवार्य रूप से राजकीय अस्पतालों में सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए सरकार बॉन्ड व्यवस्था लागू करेगी। सरकार के इस कदम का उद्देश्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करना और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना है।
वन आरक्षी भर्ती में युवाओं को राहत
भर्ती से जुड़े फैसले में वन आरक्षी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी। वहीं राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में संशोधन के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के अंतर्गत सेतु आयोग के ढांचे को भी मंजूरी दी गई है।
आंगनबाड़ी मानदेय पर सीएम लेंगे फैसला
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। इसके अलावा उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली के विस्तार के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी दी गई। कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना में अब बी फार्मा को भी शामिल किया जाएगा। पहले इसमें केवल डी फार्मा अनुमन्य था। चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की एक्स-रे तकनीशियन नियमावली को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
हरिद्वार में दौड़ेंगी सार्वजनिक परिवहन की बसें
शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में हरिद्वार शहर में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने हरी झंडी दे दी है। इसके लिए रूट भी निर्धारित किए गए हैं। इससे शहर में आवागमन को व्यवस्थित करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों में 25 प्रतिशत की कमी करने का निर्णय लिया गया। आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई। चीनी मिलों को पेराई सत्र के दौरान सरकारी बैंक से गारंटी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट ने मुहर लगाई।
बैठक में विधानसभा सत्र के सत्रावसान को भी स्वीकृति प्रदान की गई। कुल मिलाकर धामी कैबिनेट के इन फैसलों में युवाओं को भर्ती में राहत, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, सामाजिक सुरक्षा के विस्तार और हरिद्वार की परिवहन व्यवस्था सुधारने पर विशेष जोर दिया गया है।

