श्री सीमेंट में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना पर जानकारीपूर्ण कार्यशाला का आयोजन

विनोद धीमान
हरिद्वार। औद्योगिक क्षेत्र के युवाओं और कामगारों को रोजगार एवं भविष्य निधि लाभों की नई राह दिखाने के उद्देश्य से श्री सीमेंट लिमिटेड, लक्सर परिसर में गुरुवार को एक विशेष कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस कार्यशाला का संचालन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के प्रवर्तन अधिकारी टी.आर. शाह ने किया।

श्री शाह ने उपस्थित स्टाफ मेंबर्स और कामगार भाइयों को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की मुख्य बातें विस्तार से समझाईं। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त 2025 के बाद यदि औद्योगिक इकाइयाँ युवाओं को पहली बार नौकरी पर रखती हैं, तो केंद्र सरकार द्वारा ईपीएफओ के माध्यम से श्रमिकों और नियोक्ताओं दोनों को विशेष छूट और प्रोत्साहन दिया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पहली बार नियुक्त होने वाले युवाओं को 15,000 रुपये तक की औसत मासिक वेतन सहायता मिलेगी, जबकि नियोक्ताओं को पात्रता के अनुसार 1,000, 2,000 और 3,000 रुपये प्रतिमाह तक की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों और कामगारों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए विभिन्न सवाल पूछे, जिनका श्री शाह ने बारीकी से उत्तर दिया।

अंत में प्लांट हेड (एचआर) शिवराज ने प्रवर्तन अधिकारी का आभार जताते हुए कहा, “यह योजना उद्योगों और युवाओं दोनों के लिए वरदान साबित होगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उद्यमियों को भी बड़ा सहयोग मिलेगा।”

कार्यशाला के समापन पर सभी कामगार भाइयों ने इस उपयोगी और प्रेरक जानकारी के लिए श्री टी.आर. शाह का तहे दिल से धन्यवाद किया।

यह कार्यक्रम न केवल स्थानीय युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया, बल्कि उद्योग जगत में रोजगार सृजन की दिशा में भी एक मजबूत कदम सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *