दसवें दिन हरिद्वार से 55 लाख 40 हजार कांवड़िए रवाना, अब तक 3.19 करोड़ से ज्यादा शिवभक्त ले जा चुके गंगाजल
हरिद्वार। सावन के पावन महीने में धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। कांवड़ मेले के दसवें दिन शनिवार को हरिद्वार में शिवभक्तों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि हर तरफ भगवा रंग ही नजर आया। पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, आज अकेले 55 लाख 40 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक का आंकड़ा और भी चौंकाने वाला है। अब तक कुल 3 करोड़ 19 लाख 48 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। लगातार बढ़ रही कांवड़ियों की संख्या से धर्मनगरी पूरी तरह शिवमय नजर आ रही है।
हर तरफ गूंज रहा भोलेनाथ का जयकारा
हरिद्वार के प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर शिवभक्तों की भारी भीड़ दिखाई दी। कांवड़िए गंगाजल भरकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। सड़कों पर कांवड़ियों की लंबी कतारें और चारों तरफ गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
प्रशासन अलर्ट, व्यवस्थाओं पर लगातार नजर
कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं।
प्रशासन की शिवभक्तों से अपील
जिला प्रशासन ने सभी कांवड़ियों से निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करने और पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित यात्रा में प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है। हरिद्वार में आस्था का यह महासैलाब अब कांवड़ यात्रा के चरम की ओर बढ़ रहा है और धर्मनगरी पूरी तरह ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज रही है।


