रोशनाबाद में श्रमिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, विधायक आदेश चौहान व भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने किया शुभारंभ
हरिद्वार। जनपद के श्रमिकों को बेहतर और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को बड़ी पहल की गई। रोशनाबाद स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित श्रमिक स्वास्थ्य शिविर में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत दो नई मेडिकल मोबाइल वैन का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने फीता काटकर वैन को रवाना किया।
कार्यक्रम में श्रमिकों को मुख्यमंत्री श्रमिक स्वच्छता सामग्री किट, शिक्षण सामग्री किट और पोषण योजना किट का वितरण भी किया गया। इस दौरान उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी श्रमिकों को दी गई।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रमिकों सहित समाज के हर वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में शुरू की गई दोनों मोबाइल मेडिकल वैन पूरे जिले में भ्रमण कर श्रमिकों के 44 प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण और जांच निशुल्क करेंगी।
उन्होंने श्रमिकों से उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार अधिनियम, 1996 के तहत पंजीकरण कराने और विवाह सहायता, प्रसूति सहायता, स्वच्छता सामग्री किट, शिक्षण सामग्री किट, पोषण योजना, मृत्यु सहायता, बाल कल्याण, विद्यार्थी कल्याण, स्वास्थ्य योजना तथा वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पात्र श्रमिकों से सरकार की सभी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का आह्वान किया।
सहायक श्रमायुक्त प्रशांत कुमार ने अपंजीकृत श्रमिकों से शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि वे भी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का संचालन लेबर इंस्पेक्टर मीनाक्षी भट्ट ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।


