सेवा संकल्प यात्रा का अमित शाह ने किया शुभारंभ, साधु-संतों ने किया केंद्रीय गृह मंत्री का अभिनंदन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में संत समाज की रही मौजूदगी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद रजिस्टर्ड के महामंत्री महंत राजेंद्र दास महाराज ने की शिरकत


अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित भाई शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री के जन्मस्थान पर आयोजित कार्यक्रम में साधु-संतों ने भी सहभागिता की और केंद्रीय गृह मंत्री का अभिवादन किया। इस अवसर पर श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद रजिस्टर्ड के महामंत्री श्री महंत राजेंद्र दास महाराज ने भी शिरकत की।


कार्यक्रम के दौरान संत समाज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। संतों ने प्रधानमंत्री के दीर्घ सार्वजनिक जीवन और देशहित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।


इस अवसर पर महंत राजेंद्र दास महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन देशभर में सेवा और जनकल्याण के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। “सेवा भारतीय संस्कृति और संत परंपरा का मूल भाव है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प यात्रा का शुभारंभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण की भावना को पहुंचाने का संदेश देता है।”


उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव राष्ट्र, समाज और मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहा है। सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना संत परंपरा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।


कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साधु-संतों का अभिवादन किया। इस दौरान धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *