हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस और उत्तराखंड गौवंश स्क्वाड ने संयुक्त छापेमारी करते हुए गौ-तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार होने में सफल रहा।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह ग्राम दादूपुर गोविन्दपुर में अकरम के घर पर छापा मारा। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि यहां अवैध रूप से पशु कटान कर गौ-मांस का कारोबार किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान टीम ने चार लोगों को मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान अकरम (60 वर्ष), अजीम (22 वर्ष), आदिल (50 वर्ष) व नसरत (27 वर्ष) सभी आरोपित दादूपुर सलेमपुर, थाना रानीपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान मोसिन पुत्र अकरम पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 300 किलो गौ-मांस और अवैध पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।


