शादी समारोह में डीजे को लेकर हुए बवाल में 11 गिरफ्तार

हरिद्वार। विगत दिन कलियर थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर में डीजे बजाने को लेकर गांव में हुए बवाल मामले में पुलिस ने कड़ी कार्यवाही करते हुए सात महिलाओं व चार पुरूषों कुल 11 लोगों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल की रात एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। मामूली विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि उस समय मामला किसी तरह शांत करा दिया गया, लेकिन बाद में स्थिति दोबारा बिगड़ने लगी।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल हस्तक्षेप करते हुए हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस को शांति व्यवस्था बनाने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। इस दौरान 7 महिलाओं और 4 पुरुषों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया।


पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से चुनावी रंजिश भी चली आ रही है और पूर्व में भी आपसी विवादों को लेकर मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में किसी बड़ी घटना की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की गुटबाजी, अशांति या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *