नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित बरेली से गिरफ्तार, पांच हजार का था इनाम

डेढ़ महीने की तलाश के बाद दबोचा, शादी का झांसा देकर किशोरी को ले जाने का आरोप
हरिद्वार।
नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपित को पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। करीब डेढ़ महीने की तलाश और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के ग्राम सालेनगर, थाना किला क्षेत्र में छापा मारकर आरोपित को दबोचा। मामले में किशोरी को पुलिस पहले ही सकुशल बरामद कर चुकी है।


पुलिस के मुताबिक, दो सितंबर को कलियर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना कलियर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तलाश करते हुए 12 सितंबर को किशोरी को बरेली से सकुशल बरामद कर लिया था, लेकिन आरोपित लगातार फरार चल रहा था।


आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ही अन्य प्रयास तेज किए। फरार आरोपित पर एसएसपी नवनीत सिंह ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने बरेली में दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपित की पहचान आकाश बाजपेयी पुत्र स्व. श्याम बाजपेयी, निवासी पुराना शहर बुखारपुरा, थाना बारादरी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ने शादी का झांसा देकर किशोरी को बहला-फुसलाया और अपने साथ ले गया था। मामले में दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर उसका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *