लाखों शिवभक्त गंगाजल लेने पहुंच रहे हरिद्वार, भीड़ और ट्रैफिक संभालने के लिए जीरो ग्राउंड पर उतरे अफसर; पार्किंग से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक की जांच
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम और सबसे अहम दौर में पहुंच गई है। हरिद्वार में लाखों की संख्या में डाक कांवड़िये पवित्र गंगाजल लेने पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ और वाहनों के भारी दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शनिवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर खुद जीरो ग्राउंड पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मोतीचूर तक हाईवे का निरीक्षण कर डाक कांवड़ियों की आवाजाही, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
हाईवे पर भारी दबाव, अफसरों ने दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डाक कांवड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए पार्किंग स्थलों पर बिजली, पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। बारिश के मद्देनजर हाईवे के जलभराव वाले स्थानों पर पानी की निकासी के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और श्रद्धालुओं को किसी भी स्तर पर परेशानी न होने दें।
भीड़ वाले इलाकों में पुलिस फोर्स बढ़ाने के निर्देश
मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को डाक कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखने और यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
स्वास्थ्य कैंप में पहुंचे अफसर, कांवड़ियों से जाना हाल
शंकराचार्य चौक स्थित स्वास्थ्य कैंप का भी जिलाधिकारी और एसएसपी ने निरीक्षण किया। यहां उपचार करा रहे कांवड़ियों से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि चोट लगने या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या के कारण कैंप पहुंचने वाले शिवभक्तों का तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए।
भारी वाहनों से लेकर बाइक तक के लिए तय किए पार्किंग स्थल
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 5 अगस्त से भारी वाहनों और टू-व्हीलर वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। यातायात के दबाव को देखते हुए भारी वाहनों को बैरागी कैंप और दक्ष द्वीप, जबकि टू-व्हीलर वाहनों को गड्ढा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला और पंतदीप पार्किंग की ओर भेजा जा रहा है।
पार्किंग स्थलों पर वाहनों की एंट्री और निकासी को व्यवस्थित रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
अंतिम चरण में और बढ़ी जिम्मेदारी, पुलिस को 24 घंटे मुस्तैद रहने के निर्देश
एसएसपी ने पुलिस बल, सुरक्षा कर्मियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को हर हाल में सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन और पुलिस ने कांवड़ियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों, रूट डायवर्जन और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें तथा अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी रेनू लोहानी, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


