सियासत गरमाईर: भीकमपुर जीतपुर चौक पर जुटे सैकड़ों ग्रामीण, पूर्व विधायक संजय गुप्ता के समर्थन में लगाए नारे
विनोद धीमान
हरिद्वार। पूर्व विधायक संजय गुप्ता के पुतला दहन को लेकर अब क्षेत्र की सियासत गरमा गई है। भीकमपुर जीतपुर चौक पर पुतला दहन के विरोध में फतवा ग्राम सभा क्षेत्र के ग्रामीण सड़क पर उतर आए। सैनी समाज समेत सर्व समाज के लोगों ने नारेबाजी करते हुए घटना पर नाराजगी जताई और कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी पूर्व जनप्रतिनिधि का पुतला फूंककर विरोध करना उचित नहीं।
ग्रामीणों ने पुतला दहन करने वालों को बाहरी बताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता अपने जनप्रतिनिधियों और नेताओं के बारे में खुद राय बनाने में सक्षम है। इस दौरान संजय गुप्ता के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई। कुछ ही देर में चौक का माहौल राजनीतिक नारों से गूंजने लगा।
2027 के चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल
पूर्व प्रधान अनिल कुमार सैनी ने कहा कि संजय गुप्ता क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और जनता के बीच उनकी अपनी पकड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनकी छवि को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में क्षेत्र की जनता विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों के आधार पर अपना फैसला करेगी।
‘विरोध का हक है, तरीका भी लोकतांत्रिक हो’
ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या नेता से असहमति जताना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध का तरीका भी मर्यादित होना चाहिए। उनका कहना था कि पुतला दहन जैसी घटनाओं से क्षेत्र का माहौल अनावश्यक रूप से गरमाता है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा के समर्थन में भी नारे लगाए गए। ग्रामीणों ने भाजपा की नीतियों को सर्व समाज के हित में बताते हुए समर्थन जताया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान अनिल कुमार सैनी, उम्मेद सिंह, प्रधान मदन कुमार, लोकेश कुमार, मांगेराम, चरण सिंह, कमल कुमार, राहुल सैनी, प्रेमचंद, रोहित कुमार, महेंद्र सैनी, ओमपाल, अनिल चक्की वाले, सौरभ सैनी, गुलाब सिंह, अनिल सैनी, हर्ष कुमार, मांगेराम सैनी, वीरेंद्र सिंह, गुरमीत, कुशाल सिंह, गुरबख्श, भंवर सिंह और विक्रमजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


