भोपाल की साध्वी का आरोप- पीछा करते हुए वृंदावन पहुंचा था साधु, पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया
भोपाल निवासी एक साध्वी और उसकी सहयोगी महिलाओं ने सोमवार को एक कथित साधु के साथ मारपीट कर दी। साध्वी का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ ही आश्रम में रहने वाली अन्य महिलाओं के साथ भी दुराचार किया था। आरोप है कि शिकायत के बावजूद वह उनका पीछा करते हुए वृंदावन पहुंच गया और यहां भी महिलाओं पर दबाव बनाने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया और महिलाओं ने कथित साधु को घेर लिया।
भोपाल के बागसेवनिया निवासी साध्वी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी पहचान राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी हिम्मत गिरि (50) से चित्तौड़गढ़ के गांधी नगर सेक्टर-4 स्थित एक आश्रम में हुई थी। साध्वी का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाए और मारपीट भी की। बाद में उसे पता चला कि कथित साधु आश्रम की अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध बना रहा था। इसको लेकर उसने चित्तौड़गढ़ कोतवाली में शिकायत की थी। साध्वी के मुताबिक, बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा करा दिया गया।
आरोप है कि इसके बावजूद कथित साधु आश्रम पहुंचकर उसके साथ मारपीट करता रहा और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। कुछ समय बाद वह आश्रम छोड़कर चला गया।
साध्वी के अनुसार, वह कुछ अन्य महिलाओं के साथ वृंदावन आई थी। आरोप है कि सोमवार को हिम्मत गिरि उनका पीछा करते हुए वृंदावन पहुंच गया। यहां भी कथित तौर पर विवाद होने पर महिलाओं ने उसे घेर लिया और मारपीट कर दी। हिम्मत गिरि के जूना अखाड़े से जुड़े होने की बात बताई गई है।
वृंदावन थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


