एसआईआर प्रक्रिया पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष जांच की मांग

हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को बिना स्पष्ट कारण बताए नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर पूरे प्रदेश में खलबली मची हुई है। उनका आरोप था कि विभिन्न राज्यों में अभियान के दौरान सामने आ रही समस्याओं के बावजूद निर्वाचन आयोग आवश्यक सुधार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जबकि कई नोटिसों में त्रुटि का कारण तक नहीं बताया गया है।


आलोक शर्मा ने दावा किया कि उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को भी नोटिस मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि हरिद्वार जिले के लक्सर विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर 800 से अधिक नोटिस जारी किए गए हैं। उनका आरोप था कि दो माह तक चली निर्वाचन आयोग की कवायद के बाद इस तरह की स्थिति सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है।


उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में बीएलओ की सहमति के बिना मतदाता बनाए जाने की शिकायतें भी मिली हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक नहीं माने जाने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने प्रशासन और निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।


कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि बिना किसी स्पष्ट त्रुटि का उल्लेख किए मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे लोग अनावश्यक रूप से परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से मतदाताओं में असुरक्षा और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।


वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज सैनी ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए जाने पर जोर दिया। पत्रकार वार्ता में नईम कुरैशी, मनोज सैनी, फुरकान अली, विकास चंद्रा, अरशद, कैलाश प्रधान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *