कांवड़ मेले में दो जगह बाइकों में लगी आग, मची अफरातफरी

हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान रविवार को हरिद्वार में अलग-अलग स्थानों पर कांवड़ियों की बाइकों में आग लगने की दो घटनाएं सामने आईं। हाईवे और शंकराचार्य चौक पर बाइक में आग लगने से कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा होने से टल गया।


पहली घटना पतंजलि योगपीठ के पास हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर हुई। यहां कांवड़ियों की बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी। बाइक सवार कांवड़ियों ने समय रहते नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। बीच सड़क बाइक में आग लगने से आसपास मौजूद कांवड़ियों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई। आग की लपटें देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को घटनास्थल से दूर किया। पुलिसकर्मियों और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


दूसरी घटना रविवार दोपहर शंकराचार्य चौक पर हुई। गंगाजल लेने हरिद्वार आ रहे एक कांवड़िए की बाइक में अचानक आग लग गई। चौक पर पहले से ही कांवड़ियों की भारी भीड़ मौजूद थी। ऐसे में सड़क के बीच बाइक में आग लगने से कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। बाइक से तेज लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।


चौक पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस और फायरकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों घटनाओं में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। यातायात को भी शीघ्र सुचारू करा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *