नैनीताल। उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने राज्य न्यायिक सेवा में व्यापक स्तर पर तबादले और नई नियुक्तियां करते हुए कई न्यायिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, सिविल जजों तथा विशेष पॉक्सो अदालतों में नई तैनातियां की गई हैं। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के लिए नियमित कैंप कोर्ट आयोजित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पॉक्सो अदालतों को मिली मजबूती
बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष पॉक्सो अदालतों में न्यायाधीशों की तैनाती की गई है। रितेश कुमार श्रीवास्तव को काशीपुर स्थित फास्ट ट्रैक विशेष पॉक्सो अदालत में नियुक्त किया गया है। वहीं अब्दुल कय्यूम को विकासनगर की विशेष पॉक्सो अदालत में स्थानांतरित किया गया है।
कुसुम को देहरादून में एफटीसी/अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) के पद पर तैनात किया गया है, जबकि सुधीर तोमर को नैनीताल की विशेष पॉक्सो अदालत का दायित्व सौंपा गया है।
सिविल जजों के तबादले और नई जिम्मेदारियां
सिविल जज (जूनियर डिवीजन) स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। शंभू नाथ सिंह सेथवाल को उधम सिंह नगर से देहरादून भेजा गया है। अनिल कुमार कोरी को जोशीमठ से द्वारहाट स्थानांतरित किया गया है।
प्रतीक मथेला को उधम सिंह नगर, अनुराग त्रिपाठी को प्रथम अतिरिक्त सिविल जज देहरादून, प्रतीक्षा केसरवानी को प्रथम अतिरिक्त सिविल जज उधम सिंह नगर तथा ईशांक को द्वितीय अतिरिक्त सिविल जज देहरादून नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा नवीन राणा को तृतीय अतिरिक्त सिविल जज देहरादून, परमिंदर कौर को हरिद्वार, नेहा को उधम सिंह नगर, धनिष्ठा आर्या को चतुर्थ अतिरिक्त सिविल जज हरिद्वार तथा ज्योति सिंह को चतुर्थ अतिरिक्त सिविल जज देहरादून के पद पर तैनात किया गया है।
पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को न्यायिक सुविधाएं उनके निकट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाईकोर्ट ने कई न्यायालयों को नियमित कैंप कोर्ट आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
लैंसडाउन के सिविल जज प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में दो दिन धुमाकोट में कैंप कोर्ट लगाएंगे।
कोटद्वार के सिविल जज हर माह दो दिन सतपुली में कैंप कोर्ट संचालित करेंगे।
चमोली के सिविल जज महीने में लगातार पांच दिन ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में कैंप कोर्ट लगाएंगे।
टिहरी के सिविल जज प्रतिमाह तीन दिन प्रतापनगर में कैंप कोर्ट आयोजित करेंगे।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को टिहरी और नैनीताल के जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त कार्यभार देने की सिफारिश की गई है। वहीं नसीम अहमद को सप्ताह में दो दिन टिहरी परिवार न्यायालय के न्यायाधीश का अतिरिक्त प्रभार सौंपने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।


